MP News: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में ‘राज्य मंत्री’ लिखी एक कार ने कहर बरपा दिया। तेज रफ्तार कार ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना ग्रामीण थाना क्षेत्र में हुई।
यह दर्दनाक हादसा नर्मदा ब्रिज पर हुआ। हैरानी की बात यह है कि बोलेरो के आगे ‘राष्ट्रीय मानव अधिकार भ्रष्टाचार निवारण भारत राज्यमंत्री‘ लिखा है। वहीं, पीछे कमल का निशान और भाजपा लिखा है।
इसके अलावा, कार के ऊपर हूटर लगा है और अंदर शराब की खाली बोतलें भी मिलीं। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि ड्राइवर नशे में था और यही हादसे का कारण है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी। दोनों शवों को पुलिस की गाड़ी से जिला अस्पताल ले जाया गया। वहीं, कार में कौन सवार था, इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। मृतक निर्मल होम्स निवासी अनोखी यादव है। वहीं, अन्य मृतक की पहचान अभी तक ज्ञात नहीं है।