मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपनी दुबई और स्पेन यात्रा से भारत लौट आए हैं। स्वदेश लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। लौटने के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि दुबई और स्पेन की यात्रा भोपाली अंदाज में संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि वहां के कालरा ब्रदर्स ने भारतीय व्यंजनों के लिए ‘खाना-खजाना’ नाम से रेस्टोरेंट खोला है, जहां जाकर उन्हें अपने घर की याद आई। उन्होंने यह भी बताया कि 90 प्रतिशत ग्राहक गैर-भारतीय हैं जो भारतीय भोजन का आनंद ले रहे हैं। इस दौरान राज्य सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने और उत्पादन में वृद्धि के लिए टॉप कंपनियों में कपास उत्पादक किसानों को प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया है।
दुबई और स्पेन यात्रा में 11000 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि इस दौरे के दौरान राज्य सरकार ने 22 अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ रणनीतिक साझेदारी के लिए समझौता किया है। दुबई और स्पेन यात्रा के दौरान राज्य को 11,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि दुबई एक ऐसा स्थान है जहां विभिन्न देशों के लोग रहते हैं और व्यापार के अवसर भी व्यापक हैं। उन्होंने अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अल यामाही से भी मुलाकात की और शिक्षा, युवा सहभागिता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर चर्चा की। बीएपीएस महराज से बातचीत में यह जानकारी मिली कि दुबई के मंदिर मॉडल को पूरी दुनिया अपना रही है और वहां सभी धर्मों के लोग एक साथ आकर भक्ति करते हैं।

इन कंपनियों ने दिए निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने बताया कि दुबई यात्रा के दौरान निवेश में रुचि रखने वाली प्रमुख कंपनियों में बीएमडब्ल्यू डेवलपर्स द्वारा 2750 करोड़, कोनारेस मेटल द्वारा 640 करोड़, स्पेन कम्युनिकेशन और अल्फा मिया द्वारा 500 करोड़, सराफ ग्रुप और रिलायंस डिफेंस द्वारा 250-250 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव मिला। इसके अलावा एमिरेट्स एयरलाइंस ने एमिरेट्स और भोपाल के बीच उड़ान शुरू करने में रुचि दिखाई है और यदि विमानन विभाग अनुमति देगा, तो राज्य सरकार तत्काल विमान सेवा शुरू कराने को तैयार है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की एविएशन पॉलिसी देश की सबसे आकर्षक नीति है, जिसके अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू होने पर प्रति ट्रिप 15 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।
स्पेन में हुआ 3800 करोड़ का MOU, निवेश से होगा प्रदेश का विकास
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि स्पेन यात्रा के दौरान बार्सिलोना में 3800 करोड़ रुपये की लागत से डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए सबमार कंपनी के साथ एमओयू साइन किया गया। इसके अलावा, स्पेन के साथ फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी समझौता किया गया, जिससे स्पेनिश फिल्म निर्माता मध्यप्रदेश में फिल्म निर्माण करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय निवेश आवश्यक है, जिससे प्रदेश में दीर्घकालिक योजनाओं को मूर्त रूप दिया जा सके। उन्होंने बताया कि भारत और स्पेन के बीच 2026 को सांस्कृतिक वर्ष घोषित किया गया है, जिससे दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध मजबूत होंगे। स्पेन के फ्लेमिंगो डांस को भारतीय कालबेलिया नृत्य से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि यह सांस्कृतिक मिलन का प्रतीक है और इससे प्रदेश को नई दिशा मिलेगी।







