Satna News: सतना जिला मुख्यालय स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का एक और मामला सामने आया है। मैहर में सड़क दुर्घटना में घायल अश्विनी मिश्रा को जब जिला अस्पताल लाया गया, तो उन्हें ड्रिप लगाने के लिए स्टैंड तक नहीं दिया गया।
कर्मचारियों की लापरवाही
मरीज की 72 वर्षीय दादी को आधे घंटे तक ड्रिप की बोतल हाथ में पकड़े रहना पड़ा। इस दौरान अस्पताल का स्टाफ मूकदर्शक बना रहा। अस्पताल में ड्रिप स्टैंड की कोई कमी नहीं है, फिर भी स्टाफ की लापरवाही के कारण वृद्धा को यह काम करना पड़ा।
मरीजों ने स्ट्रेचर और बेड न मिलने की शिकायत की
यह पहली बार नहीं है जब जिला अस्पताल में सुविधाओं की कमी सामने आई हो। इससे पहले भी मरीजों को स्ट्रेचर और बेड न मिलने की शिकायतें आती रही हैं। अस्पताल में रोजाना सैकड़ों मरीज आते हैं। स्टाफ की लापरवाही के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब जिला मुख्यालय के अस्पताल का यह हाल है, तो ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।







