Delhi News: राजधानी दिल्ली के DPS द्वारका में सोमवार सुबह बम की धमकी मिलने के बाद तनाव फैल गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा को सुबह 7:34 बजे इसकी सूचना मिली, जिसके बाद स्कूल परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया। जिन स्कूलों को निशाना बनाया गया उनमें दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), श्रीराम वर्ल्ड स्कूल और मॉडर्न स्कूल शामिल हैं। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुँच गईं और जाँच शुरू कर दी। एहतियात के तौर पर सभी स्कूलों को खाली करा लिया गया और छात्रों को सुरक्षित घर भेज दिया गया।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, सुबह 7:24 बजे एक फ़ोन कॉल के ज़रिए कंट्रोल रूम को इस धमकी की सूचना मिली। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत सूचित किया गया और तीनों स्कूलों में तलाशी ली जा रही है।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली के स्कूलों को बम की धमकी मिली हो। इस साल की शुरुआत में भी दिल्ली और देश भर के अन्य स्कूलों, कॉलेजों और हवाई अड्डों पर कई बार ऐसी धमकियाँ मिली थीं। हालाँकि, ये सभी धमकियाँ अब तक अफवाह साबित हुई हैं।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियाँ
यह पहली घटना नहीं है। जुलाई में भी दिल्ली के कई प्रतिष्ठित स्कूलों को इसी तरह की धमकियाँ मिली थीं। इनमें सेंट थॉमस स्कूल, वसंत कुंज स्थित वसंत वैली स्कूल, हौज़ खास स्थित मदर्स इंटरनेशनल स्कूल, पश्चिम बिहार स्थित रिचमंड ग्लोबल स्कूल और लोधी एस्टेट स्थित सरदार पटेल विद्यालय शामिल थे। इसके बाद, तीन दिनों के भीतर लगभग 10 स्कूलों और एक कॉलेज को ईमेल के ज़रिए बम की धमकियाँ मिलीं। हालाँकि, जाँच में ये सभी धमकियाँ फ़र्ज़ी पाई गईं।
पुलिस अलर्ट पर
इन धमकियों के बाद, दिल्ली पुलिस ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और सुरक्षा एजेंसियाँ हर पहलू से जाँच कर रही हैं।







