Singrauli News: मध्य प्रदेश के सिंगरौली ज़िले से एक सनसनीखेज हमला सामने आया है। जिला मुख्यालय भिडऩ से सटे बलियारी इलाके में रेत माफिया और रेत ठेकेदार के कर्मचारियों के बीच जमकर विवाद और हाथापाई हुई। आरोप है कि रेत माफिया महेंद्र शाह उर्फ लाला, संजय गिरी और बाबूराम ने निजी रेत कंपनी के कर्मचारियों सत्यम पांडे और सुनील कुमार यादव को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। गंभीर रूप से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राजनीतिक संरक्षण का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेत माफिया को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। नतीजतन, बैढन कोतवाली पुलिस अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर आंखें मूंदे बैठी है। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में दिन-रात रेत का परिवहन हो रहा है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। अब इस घटना के बाद पुलिस पर राजनीतिक दबाव साफ दिखाई दे रहा है।
दोनों पक्षों के खिलाफ जवाबी मुकदमा दर्ज
हमले के बाद, रेत ठेकेदार ने कोतवाली थाने में माफिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, पीड़ित कर्मचारी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने माफिया के तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। खास बात यह है कि ठेकेदार और माफिया दोनों के खिलाफ जवाबी मामला दर्ज किया गया है।
क्यों हुआ हमला?
मिली जानकारी के अनुसार, रेत माफिया अवैध रूप से खनन कर रहे थे। रेत ठेकेदार के कर्मचारियों ने माफिया को रेत निकालने और बेचने से रोका। इससे नाराज रेत माफिया ने कर्मचारियों पर हमला कर दिया। इस हमले में दो कर्मचारी घायल हो गए। वहीं, शिकायत दर्ज कराने वाले एक कर्मचारी की हालत गंभीर बनी हुई है।







