MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज एक बड़ा कदम उठाया। समाधान ऑनलाइन की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने संविदा लेखपाल की सेवा समाप्त कर दी। उन्होंने 4 पटवारियों को बर्खास्त करने और अधिकारियों की वेतन वृद्धि रोकने के आदेश दिए। इसके साथ ही, 4 तहसीलदारों के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव भी भेजा गया है और वन विभाग के अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
12 मामलों की सुनवाई
दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज ‘समाधान ऑनलाइन’ कार्यक्रम के तहत बालाघाट, उमरिया, देवास, भिंड, पन्ना, शहडोल, मऊगंज, कटनी, पांढुर्ना, टीकमगढ़, रायसेन और दमोह से जुड़े 12 मामलों की सुनवाई की। उन्होंने आवेदकों से संपर्क कर निराकरण की स्थिति की जानकारी ली।
4 पटवारियों को बर्खास्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न प्रकरणों में संविदा लेखपालों की सेवाएं समाप्त करने, अधिकारियों की वेतन वृद्धि रोकने, 4 पटवारियों को बर्खास्त करने और 4 तहसीलदारों के विरुद्ध कार्रवाई का प्रस्ताव भेजने के साथ ही वन विभाग के अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और अन्य दोषियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है।
समस्याओं का स्थानीय स्तर पर तत्काल समाधान…
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को लंबित प्रकरणों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। परियोजनाओं का क्रियान्वयन समय-सीमा में हो और आवेदकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर तत्काल समाधान हो।
यह सुनिश्चित किया जाए कि नागरिकों को कहीं भटकना न पड़े और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत न करनी पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन ही हमारी सरकार का ध्येय है।







