MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक बड़ी घोषणा की है। संचार प्रतिनिधियों के लिए स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना में आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब आप 27 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पत्रकारों से वित्तीय वर्ष 2024-25 की तरह ही प्रीमियम लिया जाएगा। बढ़ी हुई प्रीमियम की शेष राशि सरकार द्वारा वहन की जाएगी।
राज्य सरकार पत्रकारों के सुख-दुख में सदैव उनके साथ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के सुख-दुख में सदैव उनके साथ है। जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित संचार प्रतिनिधियों के लिए स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना में चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पत्रकारों से पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 की तरह ही प्रीमियम लिया जाएगा। पिछले वर्ष की बढ़ी हुई प्रीमियम की शेष राशि सरकार द्वारा वहन की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पत्रकारों के हित में इस सामूहिक बीमा योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि भी 27 सितम्बर तक बढ़ा दी गई है। पहले इसकी अंतिम तिथि 22 सितम्बर थी। शनिवार को मीडिया को जारी संदेश में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अब पत्रकारों से प्रतिवर्ष वित्तीय वर्ष 2024-25 में दी जाने वाली प्रीमियम राशि ही ली जाएगी। पत्रकारों से पिछले वित्तीय वर्ष की तरह प्रीमियम लेने पर राज्य सरकार पर 4.50 करोड़ रुपये का अतिरिक्त व्यय भार आएगा।







