मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में पुलिस की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। एक आरोपी कांस्टेबल को चकमा देकर हिरासत से फरार हो गया। एसपी ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया है।
चोरी के दौरान आरोपी घायल
दरअसल, रविवार देर रात एक युवक घर से चोरी कर रहा था। इसी दौरान वह घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर तेंदूखेड़ा पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
कांस्टेबल को चकमा देकर अस्पताल से फरार
आरोपी के इलाज के दौरान उसकी निगरानी की जिम्मेदारी कांस्टेबल प्रदीप दांगी को दी गई थी। लेकिन पुलिसकर्मी मौका पाकर बाथरूम चला गया और बदमाश अस्पताल से फरार हो गया।
एसपी ने कांस्टेबल को किया निलंबित
चोर के भागने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी ने कांस्टेबल प्रदीप दांगी को निलंबित कर दिया है और मामले की जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है।







