प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन देशभर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़े धूमधाम से सेवा पखवाड़ा अभियान के रूप में मनाया। इस अवसर पर पूरे देश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान और सामाजिक सेवा की गतिविधियाँ प्रमुख रहीं। इसी क्रम में मध्यप्रदेश के रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में सांसद मिश्रा सफेद कुर्ता-पायजामा पहने गरीब बच्चों को नहलाते और उनके कपड़े धोते हुए दिखाई दे रहे हैं।
गरीब बच्चों को नहलाकर स्कूल भेजने की पहल
जनार्दन मिश्रा ने स्वयं इस वीडियो को अपने फेसबुक अकाउंट पर साझा किया और लिखा कि सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत उन्होंने त्योंथर विधानसभा क्षेत्र के बरगांव पंचायत का दौरा किया। यहाँ उन्होंने मुसहर समुदाय के बच्चों को नहलाया, उनके कपड़े धोए और अगले दिन उन्हें स्कूल में दाखिले के लिए तैयार किया। सांसद ने कहा कि उन्होंने बच्चों के अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजें। इस कार्यक्रम में पूर्व विधायक त्योंथर श्यामलाल द्विवेदी समेत भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
सात बच्चों का हुआ स्कूल में दाखिला
सांसद मिश्रा ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के शुभ अवसर पर बरगांव पंचायत के सरकारी प्राथमिक विद्यालय में मुसहर समुदाय के सात लड़के-लड़कियों का दाखिला कराया गया। ये बच्चे अब तक शिक्षा से पूरी तरह वंचित थे। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल बच्चों को स्कूल भेजने की नहीं, बल्कि उनके जीवन को नई दिशा देने का प्रयास है। सांसद का मानना है कि शिक्षा ही गरीबी की जंजीर तोड़ सकती है और इसी सोच के साथ उन्होंने इस कार्य को जन्मदिन के अवसर पर सेवा के रूप में किया।
दुनिया भर से मिले प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएँ
प्रधानमंत्री मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ था। इस बार उन्होंने अपना 75वां जन्मदिन मनाया। उन्हें बधाई देने वालों में न केवल देश के नेता बल्कि दुनिया भर के प्रमुख हस्तियाँ शामिल थीं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद ने पीएम मोदी को शुभकामनाएँ दीं। इसके अलावा श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा डिसानायके, भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे, न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लकसन, म्यांमार के राष्ट्रपति मिन आंग हलिंग, गुयाना के राष्ट्रपति इरफान अली और डोमिनिका के प्रधानमंत्री रूजवेल्ट स्केरिट ने भी प्रधानमंत्री मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई संदेश भेजे।







