CM Mohan Yadav: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 25 सितंबर को भोपाल के रवींद्र भवन में राज्य स्तरीय स्वदेशी जागरण सप्ताह का उद्घाटन करेंगे। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद और स्वदेशी जागरण मंच द्वारा संयुक्त रूप से शुरू किया गया यह महाअभियान 25 सितंबर से 2 अक्टूबर, 2025 तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। इस अवसर पर, मुख्यमंत्री की उपस्थिति में मुख्यमंत्री निवास से रवींद्र भवन तक एक भव्य रैली निकाली जाएगी, जिसमें मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद और स्वदेशी जागरण मंच के 300 से अधिक प्रतिभागी भाग लेंगे।
यह रैली स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूकता पैदा करने और उनके उपयोग को प्रोत्साहित करने का संदेश फैलाएगी। स्वदेशी जागरण सप्ताह का आयोजन प्रदेश भर के 313 विकासखंडों में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और लोगों को आत्मनिर्भर भारत के लिए प्रेरित करने के प्राथमिक उद्देश्य से किया जाएगा। इस अभियान के दौरान, विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से स्वदेशी उत्पादों के महत्व को जनता तक पहुँचाया जाएगा।
राज्य में स्वदेशी के प्रति जागरूकता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह अभियान न केवल स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और छोटे व्यवसायों को भी सशक्त बनाएगा। स्वदेशी जागरण मंच के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह सप्ताह राज्य में स्वदेशी के प्रति जागरूकता लाने और विदेशी उत्पादों पर निर्भरता कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।







