MP Road Accident: मध्य प्रदेश में हादसे लगातार हो रहे हैं। रविवार को मुरैना में श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला और एक युवती की कुचलकर मौत हो गई, जबकि एक बच्चे समेत 18 अन्य घायल हो गए।
दरअसल, सबलगढ़ तहसील के रामपुर गाँव और विजयपुर तहसील के बरहा गाँव के श्रद्धालु केला देवी के दर्शन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गाँव लौट रहे थे। रामपुर थाना क्षेत्र के नंदापुरा के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। एक महिला और एक युवती की मौके पर ही कुचलकर मौत हो गई।
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को इलाज के लिए सबलगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
चार घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया
हादसे में लगभग आधा दर्जन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रारंभिक उपचार के बाद सबलगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से चार लोगों को ग्वालियर रेफर कर दिया गया।







