Harda Crime News: मध्य प्रदेश के हरदा में पैसों के लेन-देन को लेकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। मृतक उधार दिए गए पैसे वापस मांग रहा था। इसके बाद आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी और शव जला दिया। तीन दिन बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
हत्या कर शव जलाया
दरअसल, 10 अक्टूबर की सुबह हटगांव थाना क्षेत्र के बड़झिरी-बोबड़ा रोड पर एक अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मनोज दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए नर्मदापुरम से एफएसएल टीम बुलाई गई। मृतक की पहचान बिच्छापुर निवासी दयाराम मौर्य (54) के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट है कि उसकी हत्या कर शव जलाया गया था।
विशेष टीम का गठन किया
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) के आदेश और एसडीओपी टिमरनी आकांक्षा तलैया के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। साक्ष्य और सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी सलीम उर्फ सलाम निवासी लाइन पार, टिमरनी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि मृतक के साथ उसका पैसों का लेन-देन था। पैसे के दबाव से तंग आकर उसने मृतक को जंगल में ले जाकर उसके सिर पर डंडे से वार कर उसकी हत्या कर दी और फिर पेट्रोल डालकर शव जला दिया।







