MP News: मध्य प्रदेश की जबलपुर लोकायुक्त टीम ने आज छिंदवाड़ा में एक बड़ी कार्रवाई की। लोकायुक्त टीम ने तामिया तहसील के झिरपा स्थित आदिम जाति एवं सेवा सहकारी समिति मर्यादित के समिति प्रबंधक मुनीम प्रसाद पटेल (55), पुत्र बाबूलाल को 59,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। समाचार लिखे जाने तक, आरोपी के खिलाफ मामला लंबित था।
जानिए क्या है मामला?
छिंदवाड़ा जिले के झिरपा गाँव निवासी शिकायतकर्ता हरीश राय (26), पुत्र रमेश राय ने आरोपी मुनीम प्रसाद पटेल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त टीम ने उसे रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
गोदाम संचालक से रिश्वत की मांग
शिकायतकर्ता हरीश राय का झिरपा में श्री हरि नामक गोदाम है। आरोपी मुनीम प्रसाद पटेल ने भंडारण संचालन सुचारू रखने और ब्लैक लिस्टेड न होने के बदले में रिश्वत की मांग की थी। आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधन) 2018 की धारा 7, 13(1)बी, 13(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है।







