MP News: मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से कानून-व्यवस्था को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। कोतमा न्यायालय में पदस्थ न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी एवं सिविल जज सीनियर डिवीजन अमनदीप सिंह छाबड़ा के सरकारी आवास पर बीती रात कुछ अज्ञात हमलावरों ने जमकर उत्पात मचाया।
आरोपियों ने मजिस्ट्रेट के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाया। शिकायत के आधार पर भालूमाड़ा पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हमलावरों ने माँ-बहन को गालियाँ और से मारने की धमकी दी
घटना 24 अक्टूबर की रात करीब 12:30 बजे की है। मजिस्ट्रेट अमनदीप सिंह छाबड़ा अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा स्थित ऑफिसर्स कॉलोनी डी/3 में अपने परिवार के साथ सो रहे थे। तभी कुछ अज्ञात लोग उनके घर के बाहर आ धमके और हंगामा शुरू कर दिया। हमलावरों ने उनकी माँ-बहन को गालियाँ दीं और जान से मारने की धमकी दी।
उन्होंने जज के सरकारी आवास के गेट पर लगे लैंप को तोड़ दिया, दीवार पर लगे लोहे के एंगल तोड़ दिए और आंगन में पत्थर फेंककर जान से मारने की धमकी दी, जिससे पूरे परिवार में दहशत फैल गई। न्यायाधीश के बाहर आते ही हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर भाग गए।
अज्ञात हमलावरों की तलाश कर रही पुलिस
मजिस्ट्रेट ने तुरंत भालूमाड़ा थाना प्रभारी को घटना की सूचना दी। शिकायतकर्ता अमनदीप सिंह छाबड़ा की लिखित शिकायत के आधार पर भालूमाड़ा पुलिस ने भारतीय दंड संहिता, 2023 की धारा 224, 296, 324, 331(6), 333 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब अज्ञात हमलावरों की तलाश कर रही है। अनूपपुर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश और अनूपपुर के पुलिस अधीक्षक को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। इस घटना से पूरा न्यायिक अमला स्तब्ध है।
मध्य प्रदेश के कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
न्याय के मंदिर पर यह हमला न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि यह भी सोचने पर मजबूर करता है कि राज्य में कौन सुरक्षित है। यह पुलिस के लिए एक परीक्षा होगी कि हमलावर कब तक कानून प्रवर्तन एजेंसियों से बच सकते हैं।
इस बीच, भालूमाड़ा थाना प्रभारी संजय खलको ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि कुछ अज्ञात बदमाशों ने मजिस्ट्रेट के आवास पर आकर उनके साथ गाली-गलौज की, उन्हें नुकसान पहुँचाने और जान से मारने की धमकी दी। इस शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है। फिलहाल मामले की जाँच की जा रही है।







