Nitin Gadkari: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मध्य प्रदेश के बैतूल-इटारसी राजमार्ग की खस्ता हालत पर कड़ा रुख अपनाया है। हाल ही में बैतूल जिले के चूरना के निजी दौरे के दौरान गडकरी को राजमार्ग की खस्ता हालत का पता चला। इसके बाद, उन्होंने नई दिल्ली में स्मार्ट सड़कों के भविष्य पर आयोजित सीआईआई के राष्ट्रीय सम्मेलन में अपनी नाराजगी व्यक्त की।
क्या ठेकेदार से महीने में हफ्ता मिल रहा है?
गडकरी ने कहा कि परियोजना में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बैतूल-इटारसी राजमार्ग के काम की रिपोर्ट मांगी गई है। गडकरी ने सख्ती से पूछा, “क्या ठेकेदार से महीने में हफ्ता मिल रहा है? क्या रिपेयर के नाम पर सिर्फ कागज़ों में एंट्री हो रही है?”
राजमार्ग की खराब स्थिति के लिए अधिकारी जिम्मेदार होंगे
मंत्री ने कहा कि राजमार्ग की खराब स्थिति के लिए परियोजना निदेशक और क्षेत्रीय अधिकारी जिम्मेदार होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले एक साल से लोग सोशल मीडिया पर सड़क की खराब स्थिति की शिकायत कर रहे हैं, जिसके कारण कई लोगों की जान गई है।
उन्होंने तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए हैं। गडकरी ने स्पष्ट कहा कि हमारा उद्देश्य सिर्फ सड़कें बनाना नहीं, बल्कि देश के विकास का मार्ग प्रशस्त करना है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







