Seoni Road Accident: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बंजारी घाटी के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ। हादसे में बाइक सवार सुखराम कुमार और उनकी पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। वे बंजारी मंदिर के दर्शन कर लक्षद्वीप जा रहे थे। छपारा पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जाँच शुरू कर दी है।
दंपत्ति की मौके पर ही मौत
जानकारी के अनुसार, सुखराम कुमार अपनी पत्नी के साथ बाइक पर सवार थे, तभी बंजारी घाटी के पास पीछे से आ रहे एक तेज़ रफ़्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर छपारा पुलिस मौके पर पहुँची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया और उसकी तलाश जारी है।
बंजारी घाटी में आए दिन दुर्घटनाएँ हो रही
पुलिस ने कंटेनर को ज़ब्त कर लिया है और लापरवाही से वाहन चलाने व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। इस हादसे से इलाके में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि बंजारी घाटी में तेज़ रफ़्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएँ हो रही हैं, लेकिन प्रशासन कोई स्थायी समाधान नहीं कर रहा है।







