SBI Loan Scam: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बड़े बैंक धोखाधड़ी मामले में कड़ी कार्रवाई की है। ED की भोपाल क्षेत्रीय इकाई ने श्रीकांत भासी की दुबई स्थित अचल संपत्तियों को कुर्क किया है। श्रीकांत भासी पर भारतीय स्टेट बैंक (SBI) से 1,266 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत लगभग 51 करोड़ रुपये है।
SBI कंसोर्टियम से 1,266 करोड़ की फंडिंग, फिर हुआ दुरुपयोग
ED के अनुसार, श्रीकांत भासी Advantage Overseas Private Limited (AOPL) के निदेशक हैं। कंपनी पर SBI के नेतृत्व वाले एक कंसोर्टियम से 1,266 करोड़ की कर्ज लेने और बाद में उसका दुरुपयोग करने का आरोप है। कर्ज की रकम को विदेश भेजकर उसका धन शोधन किया गया।
दुबई में फ्लैट और कमर्शियल प्रॉपर्टी जब्त
ED ने PMLA (Prevention of Money Laundering Act) की धारा 5 के तहत कुर्की आदेश जारी किया है। जब्त की गई संपत्तियों में दुबई स्थित फ्लैट और व्यावसायिक परिसर शामिल हैं। ईडी ने इस कदम की जानकारी अदालत को भी दे दी है।
पहले से CBI और ED की जांच जारी
CBI पहले ही श्रीकांत भासी और उनकी कंपनी AOPL के खिलाफ बैंक धोखाधड़ी और फंड्स के दुरुपयोग को लेकर एफआईआर दर्ज कर चुकी है। ED ने कहा कि चल रही जांच के दौरान और भी अघोषित संपत्तियों के सामने आने की संभावना है।
आगे की कार्रवाई क्या?
जांच एजेंसी आने वाले दिनों में फंड्स के फ्लो, विदेश में किए गए निवेश और अन्य लाभार्थियों की भूमिका की जांच को और तेज करेगी। ED का कहना है कि यह कार्रवाई कर्ज का दुरुपयोग करने वाले आर्थिक अपराधियों के खिलाफ “कड़ा संदेश” है।







