MP News: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में लोकायुक्त सागर टीम ने सोमवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। थाना परिसर में तैनात कांस्टेबल पंकज यादव को 12,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया, जिसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया। यह कार्रवाई रात करीब 11 बजे की गई, लेकिन रिश्वत लेते ही आरोपी कांस्टेबल मौके से भाग निकला। भागते हुए कांस्टेबल का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
SC/ST एक्ट के केस में मांगी गई थी रिश्वत
लोकायुक्त के इंचार्ज कमल सिंह ने जानकारी दी कि टीकमगढ़ निवासी अंकित तिवारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके खिलाफ SC/ST एक्ट का मामला दर्ज है। इसी केस में पुलिस स्टाफ द्वारा उससे 20,000 रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायतकर्ता पहले ही 8,000 रुपये कलेक्ट्रेट ऑफिस के पास दे चुका था, जबकि शेष 12,000 रुपये देने के लिए वह सोमवार रात पहुंचा। जैसे ही पैसे कांस्टेबल पंकज यादव ने लिए, लोकायुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया।
पकड़ने के बाद भी आरोपी फरार
लोकायुक्त टीम ने कांस्टेबल को दबोच लिया था, लेकिन वह मौके से भागने में सफल हो गया। फरार होते समय का उसका वीडियो वायरल हो गया, जिसे लेकर लोगों में भारी नाराज़गी है।
टीम ने कार्रवाई के दौरान कांस्टेबल की कार और जैकेट जब्त कर ली, जिसमें रिश्वत की राशि भी बरामद हुई।
करप्शन एक्ट के तहत मामला दर्ज
लोकायुक्त ने कांस्टेबल पंकज यादव और मामले से जुड़े पुलिस इंचार्ज के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस विभाग भी मामले की आंतरिक जांच कर रहा है।
इंचार्ज कमल सिंह ने बताया कि जांच में यदि कोई और अधिकारी या कर्मचारी संलिप्त पाया जाता है, तो उन पर भी कार्रवाई की जाएगी। अभी पूरे मामले की बारीकी से समीक्षा की जा रही है।







