Maihar News: मध्यप्रदेश के मैहर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पुलिस की लापरवाही के कारण लूट के तीन आरोपी हथकड़ी सहित फरार हो गए। यह घटना उस समय हुई जब पुलिसकर्मी पेशी से लौटते वक्त सरकारी वाहन में हवा भरवा रहे थे। इस दौरान आरोपियों ने मौका पाकर भागने की कोशिश की और देखते ही देखते तीनों हथकड़ी समेत फरार हो गए। मामले के सामने आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
दो आरोपी पकड़े गए, एक की तलाश जारी
घटना के तुरंत बाद मैहर पुलिस ने जिले की सीमाओं पर नाकेबंदी कर तलाश शुरू कर दी। पुलिस को त्वरित कार्रवाई में सफलता भी मिली और फरार हुए तीन में से दो आरोपियों को पकड़ लिया गया। हालांकि एक आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर है, जिसकी तलाश में टीम लगातार दबिश दे रही है।
पति-पत्नी के साथ हुई थी लूट की वारदात
यह वही मामला है जिसमें कुछ दिन पहले मोटरसाइकिल से जा रहे एक पति-पत्नी के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। तीनों आरोपियों ने मिलकर घटना को अंजाम दिया था और मैहर पुलिस ने मामले का खुलासा भी कर दिया था। लेकिन पेशी के बाद आरोपियों का इस तरह फरार होना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाता है।
लापरवाही पर उठे सवाल
घटना के बाद नागरिकों में नाराज़गी है और लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। आरोपियों का हथकड़ी समेत भाग जाना कहीं न कहीं सुरक्षा में गंभीर चूक को दर्शाता है। अब यह देखना होगा कि पुलिस तीसरे आरोपी को कब तक पकड़ पाती है और क्या इस लापरवाही पर किसी पर कार्रवाई की जाती है।







