Bhopal Road Accident: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शनिवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बैरसिया इलाके के पास हसनाबाद गांव के पिपलिया में दो कारों की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी।
रात 12 बजे के करीब हुआ हादसा
खबरों के अनुसार, देर रात एक अर्टिगा और XUV 300 कार में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक कार में सवार चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान खालिद, अनीस, साजिद और नावेद के रूप में हुई है।
घायल युवक अस्पताल में भर्ती
हादसे में सचिन नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे बैरसिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी गाड़ी का चालक भी घायल हो गया, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद भोपाल रेफर किया गया है।
फंक्शन से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, सभी मृतक शिवपुर के रहने वाले थे। वे भोपाल में एक निजी कार्यक्रम में हिस्सा लेकर अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में पिपलिया मोड़ के पास यह बड़ा हादसा हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बैरसिया पुलिस मौके पर पहुंची। शवों का पंचनामा कर अस्पताल भेजा गया और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की जांच की जा रही है।







