MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 7 सितंबर को एक दिवसीय प्रवास पर मऊगंज जिले के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे पर्यटन स्थल बहुती जलप्रपात का भ्रमण करेंगे और देवतालाब स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद, मुख्यमंत्री देवतालाब में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जहाँ वे 241.33 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमि पूजन करेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले, कमिश्नर बीएस जामोद और डीआईजी राजेश सिंह चंदेल ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। कमिश्नर ने अधिकारियों को मंदिर परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए। दौरे के दौरान कलेक्टर मऊगंज संजय कुमार जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बिक्रम सिंह, जिला पंचायत सीईओ मेहताब सिंह गुर्जर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
करोड़ों की परियोजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19.45 करोड़ रुपये की लागत के तीन लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क) कार्यों और 15.99 करोड़ रुपये की लागत के दो लोक निर्माण (भवन) कार्यों का लोकार्पण करेंगे। वे 1.56 करोड़ रुपये की लागत के मध्य प्रदेश पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम भवन और 50 लाख रुपये की लागत के गृह निर्माण मंडल भवन का भी लोकार्पण करेंगे।
11 नई सड़कों का भूमिपूजन
इस अवसर पर, मुख्यमंत्री 133.98 करोड़ रुपये की लागत की 11 नई सड़कों का भूमिपूजन करेंगे। इसके अलावा, वे 50.37 करोड़ रुपये और 18.28 करोड़ रुपये की लागत के भवनों तथा पशुपालन विभाग के एक करोड़ रुपये की लागत के नए कार्यालय एवं पॉलीक्लिनिक भवन का शिलान्यास करेंगे।
इन सड़कों का होगा शिलान्यास
जिन सड़कों का मुख्यमंत्री शिलान्यास करेंगे उनमें खारा से मऊगंज होते हुए बेलहा-नानकार-चमड़िया, परवा, मगनिया, बैजला, कारी, पहरखा, सैलया, पन्नी मार्ग, खटखरी फोरलेन बाईपास, घोरहा से खुजवा-हरुआ, सूजी से राजूनाथ कहुआर, सूजी से पलवन, पलवन, करौधा, मिसिरगवां, गंगेव-उमरिया-गेरुवारी, डेबरा फरेदा से मनिकवार, कोरिगवा अस्पताल से मौलिया नरैनी, डगडुआ एनएच से सतखरा, फुलहा से झूंसी और देवतालाब से नईगढ़ी रोड होते हुए गनीगवां तक निर्माण कार्य का शिलान्यास किया जाएगा। इसके अलावा मऊगंज संयुक्त जिला कार्यालय, राजस्व विभाग के अधिकारियों के आवासीय भवन, सर्किट हाउस और देवतालाब शासकीय महाविद्यालय के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया जाएगा।







