तमिलनाडु के सलेम जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक युवक तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रही SUV से टकरा गया। हादसा इतना भयानक था कि बाइक सीधा SUV से जाकर भिड़ गई। यह घटना 6 जुलाई को इडाप्पडी-मगुदनचावड़ी रोड पर बने एक पुल पर हुई। घटना का वीडियो कार में लगे डैशकैम में रिकॉर्ड हो गया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
डैशकैम में कैद हुआ हादसा
कार में लगे डैशकैम में जो वीडियो सामने आया है उसमें साफ देखा जा सकता है कि बाइक सवार युवक एक मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा। बाइक सीधे दूसरी लेन में चली गई जहां सामने से SUV आ रही थी। युवक ने ब्रेक लगाने की भी कोशिश नहीं की और बाइक SUV से टकरा गई। टक्कर के बाद युवक कार के बोनट पर गिरा और फिर नीचे गिर पड़ा। गनीमत रही कि युवक की जान बच गई लेकिन उसे गंभीर चोटें आई हैं।

चोटिल युवक की हालत गंभीर
इस हादसे में घायल हुआ युवक 24 वर्षीय शिवशक्ति है जो गौतमपलयम का निवासी बताया जा रहा है। हादसे के तुरंत बाद लोग मौके पर पहुंचे और उसे पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टर उसकी लगातार निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि युवक काफी तेज रफ्तार में बाइक चला रहा था और मोड़ पर संतुलन नहीं संभाल पाया जिससे यह हादसा हुआ।
तेज रफ्तार का खतरनाक अंजाम
यह घटना एक बार फिर यह याद दिलाती है कि तेज रफ्तार और लापरवाही कितना बड़ा खतरा बन सकती है। अगर उस वक्त SUV ड्राइवर सावधानी से गाड़ी नहीं चला रहा होता तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। डैशकैम में कैद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और लोग इसमें तेज रफ्तार के खतरों को लेकर चेतावनी दे रहे हैं। पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर लिया है और बाइक सवार की स्थिति सुधरने का इंतजार किया जा रहा है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।







