मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ा खुलासा किया है। दरअसल, पांच दिन पहले भोपाल पुलिस ने दो नशा तस्करों को पकड़ा था, जो युवाओं को वजन कम करने का झांसा देकर एमडी ड्रग्स बेच रहे थे। उनकी पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने अब दो और नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो कि अंकल-भतीजा हैं। इस गिरफ्तारी में पुलिस को उनके पास से हथियार, कार, ड्रग्स और कई लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो भी मिले हैं। पुलिस ने बताया कि यह गैंग क्लब और पार्टी में आने वाली लड़कियों को ड्रग्स के जाल में फंसा कर उनका यौन शोषण करता था और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था।
कैसे हुआ गैंग का भंडाफोड़, फिल्मी अंदाज में की गई गिरफ्तारी
भोपाल पुलिस ने इस गैंग को फिल्मी अंदाज में गिरफ्तार किया। 18 जुलाई को भोपाल पुलिस ने दो ड्रग पेडलर सैफुद्दीन और शाहरुख को गिरफ्तार किया था, जो शहर की पार्टियों और क्लबों में एमडी (मेथाम्फेटामाइन) पाउडर सप्लाई करते थे। पूछताछ में पता चला कि ये लोग पार्टी और फिटनेस के नाम पर युवाओं को नशे की लत लगाते थे। लड़कियों को पहले फ्री में ड्रग्स दी जाती थी ताकि वे पार्टी में आकर्षण का केंद्र बनें और फिर उन्हें जाल में फंसाकर उनका शोषण किया जाता था। पुलिस ने इनसे 15 ग्राम एमडी जब्त की थी। इनकी गिरफ्तारी के बाद अंकल-भतीजे के कारनामों का पर्दाफाश हुआ। इसके बाद पुलिस ने फिल्मी अंदाज में योजना बनाकर भतीजे यासीन और अंकल शावर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान यासीन ने फरार होने की कोशिश की और अपनी स्कॉर्पियो से दो गाड़ियों को टक्कर मार दी, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

लड़कियों और महिलाओं का ड्रग्स देकर यौन शोषण
पकड़े गए आरोपियों में यासीन उर्फ मिंटू एक क्लब में डीजे का काम करता है और इसी काम के जरिए वह क्लब और पार्टियों में आने वाली लड़कियों को एमडी ड्रग्स देकर अपने जाल में फंसाता था। पुलिस जांच में यासीन के मोबाइल से कई लड़कियों और महिलाओं के शोषण के वीडियो मिले हैं। इतना ही नहीं, पुलिस को 20 से अधिक ऐसे वीडियो भी मिले हैं, जिसमें यासीन युवकों को बंद करके उनकी पिटाई करता दिख रहा है। ड्रग्स देकर यौन शोषण और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर उनसे पैसे और अन्य काम कराए जाते थे। पुलिस का कहना है कि यह गैंग भोपाल के क्लब कल्चर और पार्टी सर्कल में लंबे समय से सक्रिय था और युवाओं को फंसाकर उनका शोषण कर रहा था।
पुलिस ने हथियार, गाड़ी और ड्रग्स किया जब्त
भोपाल पुलिस ने यासीन उर्फ मिंटू से 1.05 ग्राम एमडी पाउडर, एक पिस्टल और स्कॉर्पियो गाड़ी जब्त की है। वहीं शावर के पास से 2.052 ग्राम एमडी ड्रग्स और बीई 6 महिंद्रा कार बरामद की गई है। हैरानी की बात यह रही कि जब्त की गई गाड़ी में विधानसभा पास और प्रेस लिखा हुआ था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 5 दिन की रिमांड पर लिया है ताकि इस पूरे ड्रग्स और ब्लैकमेलिंग के नेटवर्क की गहराई से जांच की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह गैंग क्लब और जिम के जरिए युवाओं को नशे का आदी बनाकर उनसे अवैध कार्य कराता था। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और लिंक का पता लगाने में जुटी है ताकि इस गिरोह की जड़ों को पूरी तरह से उखाड़ा जा सके और भोपाल शहर में युवाओं को नशे और ब्लैकमेलिंग से बचाया जा सके।







