मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य कई मामलों में देश का नेतृत्व कर रहा है और इसे और आगे ले जाना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार कृषि, पशुपालन, फूड प्रोसेसिंग और नए उद्योगों की स्थापना के माध्यम से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। भोपाल में मीडिया समूह द्वारा आयोजित ‘एमर्जिंग बिज़नेस कॉन्क्लेव (भोपाल चैप्टर)’ में मीडिया संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास मॉडल और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
किसानों और युवाओं के लिए नई पहलें
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए कृषि, बागवानी, दुग्ध उत्पादन, फूड प्रोसेसिंग और आधुनिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके साथ ही किसानों को सम्मान निधि प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में प्रतिदिन नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं जिससे न केवल युवाओं को रोजगार मिलेगा बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि देश का पहला पीएम मित्रा पार्क (PM Mitra Park) धार जिले में बनेगा और इसके लिए निवेशकों से बातचीत 3 सितंबर को नई दिल्ली में होगी।

पर्यटन और धार्मिक स्थलों का विकास
डॉ. यादव ने कहा कि राज्य में धार्मिक, आध्यात्मिक, वन्यजीव और मेडिकल टूरिज्म पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 13 प्रमुख तीर्थ स्थलों का स्थायी निर्माण और प्रबंधन कार्य किया जा रहा है। उज्जैन के श्रीमहाकाल लोक बनने के बाद पर्यटन में तेजी आई है और वर्ष 2024 में यहाँ 7 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पहुँचे। इसी से प्रेरणा लेते हुए सरकार अब पूरे प्रदेश में पर्यटकों को पहुँचाने के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने जा रही है।
निवेश, कानून-व्यवस्था और नई नीतियाँ
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश देश का हृदय है और इसकी भौगोलिक स्थिति का सही लाभ उठाने की योजना है। उन्होंने बताया कि राज्य में पर्याप्त भूमि बैंक, अतिरिक्त बिजली और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर मौजूद है। निवेशकों को आकर्षित करने के लिए 18 नई औद्योगिक नीतियाँ लागू की गई हैं और अनावश्यक कानूनों को समाप्त किया गया है। उद्योग लगाने के लिए सरकारी अनुमतियों को न्यूनतम किया गया है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि मजबूत कानून-व्यवस्था उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य में असामाजिक और गुंडा तत्वों के लिए कोई जगह नहीं होगी और ऐसे लोगों को पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा।







