MP Accident News: मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार को तबाह कर दिया है। जैन श्रद्धालुओं से भरी एक ईको कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से चार लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हो गए। इस घटना से परिजनों में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी अपनी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की है।
सागर-झांसी राजमार्ग हुआ हादसा
यह पूरी घटना मालथान थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, दमोह जिले के जबेरा निवासी सुरेंद्र जैन और सागर जिले के गढ़ाकोटा निवासी सुपेंद्र जैन अपने परिवार के साथ कार से शिवपुरी जिले के गोलकोट तीर्थस्थल जा रहे थे।
तभी सागर-झांसी राजमार्ग (राष्ट्रीय राजमार्ग-44) पर उनका एक्सीडेंट हो गया। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर 1 बजे सुखलीपुरा गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
चार लोगों की मौत
सड़क हादसा इतना भयानक था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे में पाँच लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। मृतकों में सचिन जैन, उनकी पत्नी रितु जैन, सचिन के रिश्तेदार सुपेंद्र जैन और उनका बेटा अक्ष शामिल हैं।
चेतना जैन, पत्नी सुपेंद्र, अनोखी, पिता सचिन जैन, आराध्या, पिता सचिन जैन और अरबी, पिता सचिन जैन का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुँची।
शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन ने जताया दुख
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार इस संकट की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ है। प्रशासन को मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से मृतकों की आत्मा की शांति और उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान देने तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।







