आज संसद का मानसून सत्र का आखिरी दिन है, लेकिन दोनों सदनों में हंगामा जारी रहने की पूरी संभावना है। सरकार आज राज्यसभा में गेमिंग बिल पेश करने जा रही है, जो पहले ही लोकसभा में पास हो चुका है। भाजपा ने अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। वहीं, विपक्ष 130वें संविधान संशोधन बिल और बिहार में वोटर संशोधन को लेकर हंगामा जारी रख सकता है। लोकसभा में जिस तरह विपक्ष ने हंगामा किया था, उससे साफ है कि आज भी तनाव का माहौल रहेगा।
लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित
वर्तमान मानसून सत्र 21 जुलाई को शुरू हुआ था और आज इसका अंतिम दिन है। विपक्ष के सांसद बिहार SIR पर चर्चा की मांग कर रहे हैं। विरोध और हंगामे के कारण दोनों सदनों में पूरे दिन की कार्यवाही बाधित हो रही है। इस समय लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी गई है। विपक्ष के सांसदों की मांग है कि इस मुद्दे पर संसद में बहस हो, लेकिन सरकार इसे टाल रही है।

विपक्ष ने फाड़े बिल की प्रतियां
कल अमित शाह ने लोकसभा में 3 बिल पेश किए, जिसमें विपक्ष ने गुस्से में बिल की प्रतियां फाड़कर गृह मंत्री की ओर फेंक दीं। इसी बीच ऑनलाइन गेमिंग प्रमोशन और रेगुलेशन बिल, 2025 पास हो गया, जो ऑनलाइन पैसे वाले गेमों पर पूरी तरह से रोक लगाता है। विपक्ष का आरोप है कि इसके प्रावधानों का उपयोग सरकार विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए कर सकती है। वहीं, तेजस्वी यादव ने बिल का विरोध किया, जबकि प्रशांत किशोर ने इसका समर्थन किया।
130वें संविधान संशोधन ने राजनीति में मचाया भूचाल
130वें संविधान संशोधन बिल ने राजनीतिक हलचल मचा दी है। इस बिल के तहत प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्रियों को हटाने का प्रावधान है। यह बिल लोकसभा में पेश कर JPC को भेजा गया, लेकिन विपक्ष ने इसे लेकर विरोध शुरू कर दिया। लोकसभा में विपक्ष का हंगामा यह संकेत देता है कि आज भी इसी मुद्दे पर संसद में तूफान मचा रहेगा।
गेमिंग बिल को राज्यसभा में पेश करने की तैयारी
सरकार ने इस मानसून सत्र में गेमिंग बिल पास कराने के लिए पूरी कोशिश की है। लोकसभा के बाद यह बिल आज राज्यसभा में पेश होगा। आज सत्र का आखिरी दिन होने के कारण सरकार कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। वहीं, बिहार में वोटर संशोधन के विरोध में विपक्ष अपनी आखिरी कोशिश कर रहा है। 130वें संविधान संशोधन के कारण राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है, जिससे संसद के आखिरी दिन में हंगामे की पूरी संभावना है।







